जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले के मिहिजाम में देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक बाइक की लापरवाही से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

घटना NH 419 स्थित पुराना चेक पोस्ट के समीप घटी.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक महिला अपनी पुत्री के साथ टोटो से उतर ही रही थी, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक पर सवार तीन युवक ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान संतुलन खो बैठे और युवती को जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी भीषण थी कि युवती कुछ सेकेंड तक हवा में उछलकर दूर जा गिरी, जिससे उसे शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं. वहीं बाइक सवार एक युवक भी इस हादसे में घायल हो गया.
घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है. घायल युवक की पहचान प्रवीण चौधरी के रूप में हुई है, जो मिहिजाम के न्यू कॉलोनी पोखरतल्ला का निवासी बताया जा रहा है, जबकि घायल युवती कानगोई की रहने वाली है.
घटना की सूचना मिलते ही मिहिजाम पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है.
स्थानीय युवकों द्वारा घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाना सराहनीय रहा, जिससे उनकी जान बचाई जा सकी. इस घटना के बाद इलाके में तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग को लेकर चिंता बढ़ गई है.

