जमशेदपुर: बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार युवक की पहचान कैरेज कॉलोनी स्थित मुस्लिम बस्ती निवासी करीब 20 वर्षीय मोहम्मद इरफान के रूप में हुई है. उसके पास से एक देसी कट्टा, 315 बोर की पांच गोलियां और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है.


सिटी एसपी ललित मीणा के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रेलवे कंटेनर यार्ड के आसपास एक युवक हथियार लेकर किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में छापेमारी की. पुलिस को देखकर एक युवक भागने लगा, जिसे पुलिस बल ने पीछा कर पकड़ लिया.
पुलिस के मुताबिक तलाशी के दौरान उसके पास से हथियार और गोलियां बरामद हुईं. पूछताछ में इरफान ने कथित तौर पर बताया कि हथियार और गोलियां उसे मोहम्मद शाहिद ने दी थीं और उसके कहने पर वह अपराध करने के लिए निकला था. पुलिस अब आरोपी के बयान और हथियार के स्रोत की जांच करने के साथ मोहम्मद शाहिद की कथित भूमिका की भी पड़ताल कर रही है.

