सासाराम: बिहार के रोहतास जिले के शिवसागर थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (NH-19) पर शनिवार को टूरिस्ट बस और तेल टैंकर के बीच हुई भीषण टक्कर में करीब 23 यात्री घायल हो गए. घायलों में 11 महिलाएं शामिल हैं, जबकि 10 से अधिक यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है.



प्राप्त जानकारी के अनुसार तमिलनाडु के तिरुपुर निवासी श्रद्धालु वाराणसी में दर्शन-पूजन के बाद टूरिस्ट बस से गया जा रहे थे. इसी दौरान शिवसागर थाना क्षेत्र में बस आगे चल रहे तेल टैंकर से पीछे से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई.

घटना की सूचना मिलते ही एनएचएआई की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी घायलों को तत्काल सासाराम सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. गंभीर रूप से घायल यात्रियों की चिकित्सकों की निगरानी में इलाज किया जा रहा है.
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बस चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण यह हादसा हुआ. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर दुर्घटना की जांच कर रही है.
हादसे के कारण कुछ समय के लिए एनएच-19 पर यातायात प्रभावित रहा. बाद में पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया. मामले की जांच जारी है.





