जमशेदपुर: पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में सक्रिय ब्राउन शुगर नेटवर्क का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने इस मामले में पांच तस्करों को गिरफ्तार करते हुए भारी मात्रा में ब्राउन शुगर बरामद की है. मामले में बर्मामाइंस थाना कांड संख्या 26/26 दिनांक 10 मई 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.

वरीय पुलिस अधीक्षक पियूष पांडे ने बताया कि 9 मई की शाम करीब 7 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि गांधी नगर बस्ती निवासी संतोष सिंह कपाली क्षेत्र से बड़ी मात्रा में ब्राउन शुगर लाकर अपने घर में छिपाकर रखा हुआ है. सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया.
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संतोष सिंह के घर पर छापेमारी की, जहां से 124 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद किया गया. मौके से संतोष सिंह और उसकी दूसरी पत्नी आयशा खातून उर्फ बिल्लो को गिरफ्तार कर लिया गया.
पूछताछ के दौरान मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों के खिलाफ भी कार्रवाई की. गोविंदपुर क्षेत्र से गौरव कुमार उर्फ अमर को 20 पुड़िया और अमित कुमार को 19 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ पकड़ा गया. वहीं मानगो क्षेत्र से मुख्य पेडलर संजय गोस्वामी उर्फ संजय बंगाली को 12 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने कुल 175 पुड़िया ब्राउन शुगर जब्त किया है, जिसका कुल वजन 26.84 ग्राम बताया गया है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है. इसके अलावा आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं. जांच में यह बात सामने आई है कि गिरफ्तार सभी आरोपी एक बड़े अंतरजिला ड्रग सिंडिकेट से जुड़े हुए हैं. पुलिस के अनुसार हाल ही में सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली क्षेत्र से 16.50 लाख रुपये मूल्य की ब्राउन शुगर बरामद हुई थी और उसके तार भी इसी नेटवर्क से जुड़े पाए गए हैं.
एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार कई आरोपी पहले भी ब्राउन शुगर तस्करी के मामलों में जेल जा चुके हैं. जेल से बाहर आने के बाद इन्होंने संगठित तरीके से दोबारा नशे का कारोबार शुरू कर दिया था. इस कार्रवाई को जमशेदपुर में फैल रहे ब्राउन शुगर नेटवर्क पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है. फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और अन्य फरार तस्करों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.



