जमशेदपुर: जिले के पटमदा प्रखंड के लावा पंचायत स्थित ब्लॉक परिसर में 15वीं वित्त आयोग के तहत बना सार्वजनिक शौचालय उपेक्षा का शिकार हो गया है. करीब दो वर्ष पहले निर्मित यह शौचालय आज उपयोग के लायक नहीं रह गया है.

साफ- सफाई और नियमित देखरेख के अभाव में शौचालय के चारों ओर घनी झाड़ियां उग आई हैं, जिससे आम लोगों के लिए इसका उपयोग लगभग असंभव हो गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस उद्देश्य से यह शौचालय बनाया गया था, वह पूरी तरह विफल होता नजर आ रहा है.
ग्रामीणों के अनुसार यहां न तो नियमित सफाई होती है और न ही किसी जिम्मेदार अधिकारी द्वारा इसकी सुध ली जा रही है. हालात ऐसे हैं कि लोग मजबूरी में खुले में शौच करने को विवश हो रहे हैं, जिससे स्वच्छता अभियान को भी झटका लग रहा है.
शौचालय परिसर में लगे शिलापट्ट पर भी कई अनियमितताएं सामने आई हैं. निर्माण तिथि और लागत जैसी जरूरी जानकारी अंकित नहीं है, जो पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े करता है. स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि शौचालय की जल्द साफ- सफाई कर उसे उपयोग के योग्य बनाया जाए. साथ ही शिलापट्ट में आवश्यक विवरण अंकित कर पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया गया, तो सरकारी योजनाएं केवल कागजों तक सीमित रह जाएंगी और आम जनता को इसका लाभ नहीं मिल पाएगा.
Report By Afroz Mallik

