
जामताड़ा: जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत धरमपुर गांव में 22 फरवरी को हुए दिनदहाड़े हत्याकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. मामले के मुख्य साजिशकर्ता जमीरुद्दीन अंसारी को गिरफ्तार कर लिया गया है.


पुलिस के अनुसार आरोपी घटना के बाद से करीब तीन महीने से फरार चल रहा था. इससे पहले इस मामले में पांच अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विकास आनंद लागुरी ने प्रेसवार्ता में बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को उसके घर से दबोचा. गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा, एक जिंदा गोली, एक एप्पल मोबाइल फ़ोन और काले रंग की मोटरसाइकिल बरामद की गई है.
पुलिस ने बताया कि जमीरुद्दीन अंसारी का आपराधिक इतिहास रहा है. वह पहले भी कई मामलों में जेल जा चुका है और जामताड़ा के कई साइबर अपराधों में उसका नाम सामने आ चुका है. पुलिस के अनुसार उसने साइबर ठगी के जरिए काफी संपत्ति भी अर्जित की है.
पिछले तीन महीनों से पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी. आखिरकार गिरफ्तारी के साथ ही इस मामले में जांच को नई दिशा मिल गई है. फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है.
Report By Manish Baranwal


