आदित्यपुर: नगर निगम के वार्ड 17 स्थित चर्चित जयप्रकाश उद्यान सड़क बनकर तैयार हो चुकी है, लेकिन अब तक आम लोगों के उपयोग में नहीं आ पाई है. इसको लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है. लोगों का कहना है कि लंबे संघर्ष और आंदोलन के बाद सड़क का निर्माण तो हो गया, लेकिन अब प्रवेश मार्ग के पास गड्ढा छोड़ दिए जाने के कारण आवाजाही पूरी तरह बाधित है. इसे लेकर नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए जा रहे हैं.

पार्षद नीतू शर्मा ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य पूरी तरह संपन्न हो चुका है, लेकिन संवेदक द्वारा प्रवेश द्वार के पास गड्ढा खोदकर छोड़ दिया गया है. कई बार अनुरोध के बावजूद इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है. उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी नगर निगम को भी दी गई है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला है, जो गंभीर लापरवाही को दर्शाता है.
वहीं नगर निगम के प्रशासक रवि प्रकाश ने बताया कि सड़क की गुणवत्ता को लेकर जांच कराई गई है और संवेदक को आवश्यक सुधार करने का निर्देश दिया गया है. उन्होंने कहा कि संवेदक को तय समय दिया गया है. यदि निर्धारित अवधि के भीतर सुधार कार्य पूरा नहीं हुआ, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. साथ ही आम लोगों से जांच पूरी होने तक संयम बरतने की अपील की गई है.
फिलहाल यह मामला निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर रहा है. स्थानीय लोग जल्द से जल्द सड़क को उपयोग के लिए खोलने की मांग कर रहे हैं.

