जमशेदपुर: एमजीएम थाना क्षेत्र स्थित डॉल्फिन क्लब में रविवार रात आयोजित पूल पार्टी उस समय हंगामे में बदल गई, जब दो गुटों के बीच शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प का रूप ले बैठा. क्लब परिसर में देर रात तक अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बना रहा.


जानकारी के अनुसार एक निजी संस्था की ओर से आयोजित पूल पार्टी में 300 से अधिक युवक- युवतियां शामिल हुए थे. कार्यक्रम के दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों पक्षों के लोगों ने एक- दूसरे पर लात- घूंसों की बारिश कर दी. झड़प में कुछ युवतियों के भी शामिल होने की बात सामने आई है.
मारपीट के दौरान पार्टी में मौजूद लोगों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. कई लोग अपनी सुरक्षा के लिए इधर- उधर भागते नजर आए. क्लब के सुरक्षाकर्मियों ने हालात संभालने की कोशिश की, लेकिन काफी देर तक हंगामा जारी रहा.
घटना में एक युवती समेत तीन लोगों के घायल होने की सूचना है. वहीं क्लब परिसर में तोड़फोड़ की भी चर्चा है. हालांकि नुकसान का आधिकारिक आंकड़ा सामने नहीं आया है.
सूचना मिलने पर एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस के पहुंचने से पहले ही मारपीट में शामिल कई लोग वहां से निकल चुके थे. कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक युवती समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है. आयोजन से जुड़े लोगों से भी पूछताछ की जा रही है.
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि विवाद में शामिल कुछ लोग नशे की हालत में थे. पुलिस सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान करने में जुटी है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. वहीं शहर में इस घटना को लेकर चर्चा तेज है कि मनोरंजन के लिए आयोजित पूल पार्टी आखिर हिंसक झड़प में कैसे बदल गई.



