आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai इच्छापुर स्थित सहारा गार्डन सिटी सोसाइटी में इस बार दुर्गा पूजा आयोजन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. सोमवार को सोसाइटी के चार बैंक अधिकारियों अशोक कुमार मिश्रा, सौरभ भट्टाचार्य, रतन राय और रितेश शर्मा ने आयोजन समिति पर ₹1200 जबरन चंदा वसूलने और महाभोग प्रसाद वितरण में भेदभाव करने का आरोप लगाया. आरोप लगाने वालों का कहना है कि उनसे बिना पूर्व सूचना जबरन चंदा काटा गया और प्रसाद वितरण में सभी को समान रूप से शामिल नहीं किया गया.

हालांकि, पूजा समिति ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है. समिति के मुख्य संरक्षक शशांक गांगुली और कार्यकारी अध्यक्ष राजीव रंजन ने बताया कि पूर्व बैठक में सर्वसम्मति से यह तय हुआ था कि इस वर्ष ₹1100 के बजाय ₹1200 चंदा लिया जाएगा. यह राशि केवल एक बार ली जाती है, जिसमें दुर्गा पूजा, काली पूजा और गणेश पूजा जैसे आयोजनों का खर्च शामिल होता है. महाभोग के संदर्भ में समिति का कहना है कि सूचना व्हाट्सएप ग्रुप और लाउडस्पीकर के माध्यम से दी गई थी, ताकि कोई भेदभाव न हो.

इधर, थाना प्रभारी संजीव सिंह ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर उनके समक्ष बैठक भी हुई थी. उन्होंने समिति को स्पष्ट निर्देश दिया था कि चंदा प्रेमभाव से लिया जाए. थाना प्रभारी ने कहा कि सोसाइटी के लोगों ने स्वेच्छा से चंदा दिया है और अब तक कोई भी लिखित शिकायत दर्ज नहीं की गई है.

