जमशेदपुर: जुगसलाई थाना क्षेत्र स्थित गरीब नवाज कॉलोनी में हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने त्वरित खुलासा कर दिया है. 26 अप्रैल 2026 की रात करीब 10:12 बजे फायरिंग की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू की.

वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिटी एसपी के नेतृत्व में डीएसपी लॉ एंड आर्डर की अगुवाई में एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने जुगसलाई थाना में दर्ज सन्हा के आधार पर जांच की, जिसमें घटना को सत्य पाया गया. लगातार छापेमारी और तकनीकी प्रयासों के बाद पुलिस ने आरोपी शेख अफरीदी उर्फ खदबद (19 वर्ष) को काबुली नाला के पास से गिरफ्तार कर लिया. आरोपी गरीब नवाज कॉलोनी का निवासी है और प्रारंभिक जांच में उसका संबंध अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री करने वाले संगठित गिरोह से जुड़ा पाया गया है.
पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध देशी पिस्टल बरामद किया है. इसके साथ ही उसकी निशानदेही पर घटनास्थल से फायरिंग में इस्तेमाल किए गए दो खोखा भी बरामद किए गए हैं. इस संबंध में जुगसलाई थाना में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है. वर्ष 2025 में उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था. फिलहाल पुलिस इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है और पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है.

