जमशेदपुर: शहर में बढ़ते अपराध पर नियंत्रण के लिए पुलिस ने सघन अभियान तेज कर दिया है. इसी कड़ी में सिदगोड़ा थाना पुलिस ने बीती रात विशेष छापेमारी अभियान चलाते हुए एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है. जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी मो. फैज अहमद के नेतृत्व में पुलिस टीम रात में गश्त कर रही थी. इसी दौरान विद्यापति डीवीसी पावर ग्रिड के पास एक युवक संदिग्ध स्थिति में घूमता दिखा.

बताया जा रहा है कि युवक पुलिस वाहन को देखते ही भागने लगा, जिससे उसकी गतिविधियां और संदिग्ध हो गईं. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए युवक को पकड़कर पूछताछ की. उसने अपना नाम मुन्ना वर्मा उर्फ सन्नी वर्मा (30 वर्ष) बताया. तलाशी के दौरान उसके कमर से 7.65 बोर का देशी पिस्टल और एक लोहे का मैगजीन बरामद किया गया. आरोपी हथियार से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका.

मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. इस संबंध में सिदगोड़ा थाना में आर्म्स एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस के अनुसार आरोपी का पूर्व से आपराधिक इतिहास भी रहा है. उसके खिलाफ पोटका थाना में पहले से कई मामले दर्ज हैं. पुलिस अब उसके नेटवर्क और अन्य संभावित आपराधिक संबंधों की भी जांच कर रही है. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में कानून- व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

