जमशेदपुर/ Afroz Mallik परसुडीह थाना पुलिस ने शादी के नियत से अपहरण के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी को गुजरात के सूरत से गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही अपहृता को भी सकुशल बरामद किया गया है.

मामले में हरहरगुटू किताडीह पश्चिम निवासी सिद्धिनन्द प्रसाद के लिखित आवेदन के आधार पर परसुडीह थाना कांड संख्या 39/25, दिनांक 05 अप्रैल 2025 को बीएनएस की धारा 87 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी. पुलिस के अनुसार, 21 मार्च 2026 को छापेमारी कर सूरत से आरोपी सचिन शर्मा (उम्र 24 वर्ष) और अपहृता को बरामद किया गया. इसके बाद दोनों को विधिवत ट्रांजिट रिमांड पर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया.
गिरफ्तार आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है. पुलिस टीम में पुनि. सह थाना प्रभारी अविनाश कुमार, पुअनि. रितेश कुमार, आरक्षी सुधीर कुमार और महिला आरक्षी रानी पूर्ति शामिल थीं.
पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है.

