जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को हुए सड़क हादसे में मानगो निवासी दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए. यह दुर्घटना टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) के गोलचक्कर के पास हुई, जहां तेज रफ्तार सफेद क्रेटा कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी.

प्राप्त जानकारी के अनुसार दंपति काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (JH05DP 9709) से बावनगोड़ा चौक की ओर जा रहे थे. इसी दौरान तेज गति से आ रही कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत टीएमएच के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. घायलों में मोहम्मद निसार का नाम सामने आया है, जबकि उनकी पत्नी भी गंभीर रूप से घायल हैं.
हादसे के बाद कार चालक मौके से वाहन समेत फरार हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार वाहन और चालक की पहचान की जा सके. फिलहाल क्षतिग्रस्त बाइक को थाना में जब्त कर लिया गया है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

