जमशेदपुर: नशीले पदार्थों की बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जमशेदपुर पुलिस द्वारा चलाया जा रहा “ऑपरेशन प्रहार” लगातार सफल साबित हो रहा है. इस अभियान में केवल छोटे स्तर के आरोपियों तक सीमित न रहकर नशे की पूरी सप्लाई चेन को तोड़ने पर जोर दिया जा रहा है.

एसएसपी जमशेदपुर पीयूष पांडेय ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार के तहत गांजा, ब्राउन शुगर, सिंथेटिक ड्रग्स, कोडीन बेस्ड कफ सिरप समेत सभी प्रकार के अवैध मादक पदार्थों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की गहन जांच की जा रही है. 1 दिसंबर से अब तक 27 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है और बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए गए हैं.
एसएसपी ने कहा कि कार्रवाई की समीक्षा हर सप्ताह की जाती है ताकि अभियान और प्रभावी बनाया जा सके. उन्होंने आम नागरिकों और अभिभावकों से अपील की कि नशे की तस्करी या सेवन की सूचना तुरंत पुलिस को दें. नागरिक 1933, डायल 112 या नजदीकी थाना से संपर्क कर सकते हैं.

