जमशेदपुर: शहर में मोबाइल छिनतई की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. ताजा मामला जवाहर नगर रोड नंबर 15 का है, जहां काम से घर लौट रही एक युवती उचक्कों का शिकार हो गई.


जानकारी के अनुसार, जवाहर नगर रोड नंबर 15 निवासी जगत यादव की पुत्री सुमन कुमारी अपने काम से वापस घर लौट रही थीं. इसी दौरान वह ब्रह्मा पथ होकर अपने घर जा रही थीं. रास्ते में पहले से घात लगाए अज्ञात उचक्कों ने उनके हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गए.
घटना इतनी अचानक हुई कि सुमन कुमारी को संभलने का मौका तक नहीं मिला. उनके शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे.
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में छिनतई और चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना बनी हुई है.
पीड़िता ने घटना की जानकारी पुलिस को दे दी है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है. पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है.

