जमशेदपुर: जुगसलाई थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की हत्या की कथित साजिश का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने आजाद खटाल मैदान स्थित झाड़ियों से दो भारी धारदार हथियार और एक अवैध देशी कट्टा बरामद किया है. दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.


सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि पहलवानडेरा निवासी मो. निजाम ने शिकायत दर्ज कराई थी कि घाघीडीह जेल में बंद मो. खुर्शीद उर्फ भाकुड अपने गिरोह के सदस्यों के माध्यम से उसकी हत्या की साजिश रच रहा है. शिकायत को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और डीएसपी विधि-व्यवस्था के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया.
पुलिस जांच में सामने आया कि मो. खुर्शीद के निर्देश पर उसके सहयोगी मो. आयन अली उर्फ अयान बच्चा और मो. इमरान उर्फ अलटु बच्चा ने मो. निजाम की रेकी कर उस पर हमला करने की योजना बनाई थी. पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी लोहे के भारी धारदार हथियार लेकर हत्या के इरादे से पहुंचे थे. हालांकि, मो. निजाम किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा. मामले में जुगसलाई थाना में कांड संख्या 75/26 दर्ज किया गया.
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान उनकी निशानदेही पर आजाद खटाल मैदान स्थित झाड़ियों से दो धारदार हथियार और एक अवैध देशी कट्टा बरामद किया गया. अवैध हथियार बरामद होने के बाद जुगसलाई थाना में आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत अलग मामला भी दर्ज किया गया है.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हुसैनी लाइन, गौरीशंकर रोड निवासी मो. आयन अली उर्फ अयान बच्चा और दस्ताना बाड़ी निवासी मो. इमरान उर्फ अलटु बच्चा के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, अयान बच्चा के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका और हत्या की कथित साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है.

