जमशेदपुर: शहर से लापता युवक को लेकर रातभर चले सर्च ऑपरेशन का अंत एक चौंकाने वाले खुलासे के साथ हुआ. पुलिस और परिजन जिस युवक को नदी किनारे खोजते रहे, वह बुधवार को सकुशल एक होटल में मिला.

मामला साकची थाना क्षेत्र का है, जहां गुरुद्वारा के पास स्थित एक होटल में युवक के ठहरने की जानकारी होटल संचालक ने परिजनों को दी. सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और युवक को अपने साथ ले गए. फिलहाल पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है.
बताया जा रहा है कि युवक अविनाश कुमार, परसुडीह थाना क्षेत्र के गोलपहाड़ी का निवासी है. मंगलवार की शाम करीब 5 बजे से वह लापता था. देर रात उसकी स्कूटी और अन्य सामान डोबो पुल के पास मिलने से सनसनी फैल गई थी. स्कूटी पुल पर मिलने के बाद अनहोनी की आशंका को लेकर परिजन और पुलिस पूरी रात नदी किनारे उसकी तलाश करते रहे. परिजनों की चिंता और बेचैनी बढ़ती जा रही थी, वहीं पुलिस भी लगातार सर्च अभियान में जुटी रही.
हालांकि बुधवार को मामला पूरी तरह पलट गया, जब पता चला कि युवक साकची के एक होटल में ठहरा हुआ है. पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था. इसी कारण उसने परिजनों को डराने के उद्देश्य से यह पूरी कहानी रची. युवक ने अपनी स्कूटी को डोबो पुल पर छोड़ दिया और खुद होटल में जाकर ठहर गया, जिससे सभी को उसके साथ अनहोनी की आशंका हो गई.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और युवक से पूछताछ कर घटना के सभी पहलुओं को स्पष्ट करने में जुटी है. वहीं युवक के सकुशल मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है.

