सरायकेला: सीकेपी मंडल में यात्री ट्रेनों की लगातार लेटलतीफी और अव्यवस्था को लेकर जनाक्रोश बढ़ता जा रहा है. इसी मुद्दे को उठाते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष एवं ZRUCC सदस्य मनोज कुमार चौधरी ने रेलवे प्रबंधन पर कड़ा हमला बोला है. मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि ट्रेनों का घंटों विलंब से चलना आम यात्रियों के समय और सुविधाओं के साथ खिलवाड़ है. उन्होंने इसे रेलवे की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल बताते हुए कहा कि इस लापरवाही को अब किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

उन्होंने रेलवे के वरीय अधिकारियों को पत्र लिखकर स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही ट्रेनों का संचालन समयानुसार सुनिश्चित नहीं किया गया, तो क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा. उन्होंने कहा कि इस आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी रेलवे प्रशासन की होगी.
चौधरी ने यह भी बताया कि ZRUCC सदस्य होने के नाते वे इस मुद्दे को कई बैठकों में उठा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में कोई ठोस सुधार नहीं हुआ है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने रेलवे प्रबंधन के समक्ष कई प्रमुख मांगें रखी हैं, जिनमें ट्रेनों की समयबद्धता सुनिश्चित करना, अनावश्यक देरी के कारणों की पारदर्शी जांच करना और यात्रियों के लिए बेहतर सुविधा एवं सूचना व्यवस्था उपलब्ध कराना शामिल है.
अंत में उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि स्थिति में जल्द सुधार नहीं हुआ, तो आंदोलन चरणबद्ध तरीके से उग्र रूप लेगा. उन्होंने कहा कि अब जनता अपने अधिकार के लिए निर्णायक लड़ाई लड़ने को तैयार है.

