जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम में नकली विदेशी शराब के बड़े खेल का सोमवार को पर्दाफाश हुआ. उत्पाद विभाग ने एमजीएम थाना क्षेत्र के तुरियाबेड़ा में छापेमारी कर एक मिनी अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया, जहां नामी कंपनियों के ब्रांड की तर्ज पर नकली विदेशी शराब तैयार कर बाजार में खपाने की तैयारी चल रही थी. कार्रवाई के दौरान 88 लीटर तैयार नकली विदेशी शराब के साथ भारी मात्रा में पैकेजिंग सामग्री, नकली लेबल, कॉर्क, ढक्कन और शराब बनाने में प्रयुक्त रसायन बरामद किए गए. हालांकि मुख्य आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा.



उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि तुरियाबेड़ा में एक अर्धनिर्मित मकान के भीतर अवैध रूप से विदेशी शराब तैयार की जा रही है. सूचना के सत्यापन के बाद सहायक आयुक्त उत्पाद के नेतृत्व में विशेष टीम ने छापेमारी की. तलाशी के दौरान बिट्टू कुमार महतो के अर्धनिर्मित मकान से लगभग 70 लीटर रंगीन नकली विदेशी शराब तथा दो कार्टन में पैक करीब 18 लीटर बोतलबंद नकली शराब बरामद हुई.
छापेमारी में यह भी सामने आया कि यहां केवल शराब ही नहीं बनाई जा रही थी, बल्कि उसे नामी कंपनियों के ब्रांड जैसा दिखाने के लिए पूरी पैकेजिंग भी की जा रही थी. टीम ने विभिन्न ब्रांड के सीलिंग कॉर्क, बोतलों के ढक्कन, फ्रंट और रियर लेबल, कैरामेल, फ्लेवरिंग सामग्री तथा अन्य उपकरण जब्त किए, जिनका उपयोग नकली शराब को असली जैसा स्वरूप देने में किया जाता था.
प्राथमिक जांच में आशंका जताई गई है कि तैयार शराब को ब्रांडेड बोतलों में भरकर बाजार में ऊंचे दामों पर बेचने की योजना थी. यदि यह खेप बाजार तक पहुंच जाती तो लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा हो सकता था.
उत्पाद विभाग ने मामले में रिफ्यूजी कॉलोनी, संकोसाई रोड नंबर-1 निवासी बिट्टू कुमार महतो के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में नकली और अवैध शराब के निर्माण, भंडारण तथा बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी और तेज किया जाएगा. साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि यदि कहीं भी नकली शराब के निर्माण या बिक्री की सूचना मिले तो तत्काल उत्पाद विभाग या पुलिस को सूचित करें.





