जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंवर बस्ती स्थित अशोका टॉवर फेज-2 में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. यहां छठे मंजिल का छज्जा अचानक गिर गया, जिसके मलबे में दबकर एक बुजुर्ग की मौत हो गई.

मृतक की पहचान मनोहर धीवर (60) के रूप में हुई है. बताया जाता है कि वह पास की दुकान से सामान लेने गए थे. इसी दौरान ऊपर से छज्जे का मलबा सीधे उन पर आ गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग भवन की गुणवत्ता पर सवाल उठा रहे हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

