
जमशेदपुर: जनता दल (यूनाइटेड) पूर्वी सिंहभूम इकाई ने जिले के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल की गुणवत्ता को लेकर उठ रही शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है. सोमवार को जिला महासचिव कुलविंदर सिंह पन्नू के नेतृत्व में पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर ईंधन के नमूनों की वैज्ञानिक जांच और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की मांग की.


ज्ञापन में कहा गया है कि जिले के कई क्षेत्रों से वाहन चालकों और उपभोक्ताओं की शिकायतें मिल रही हैं कि कुछ पेट्रोल पंपों पर भारत सरकार द्वारा निर्धारित ई-20 मानक का पालन नहीं किया जा रहा है. आरोप है कि कुछ स्थानों पर निर्धारित सीमा से अधिक एथेनॉल मिश्रित ईंधन की आपूर्ति की जा रही है, जिससे वाहनों का माइलेज कम हो रहा है, इंजन के प्रदर्शन पर असर पड़ रहा है और वाहन मालिकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है.
जदयू ने स्पष्ट किया कि बिना जांच किसी भी पेट्रोल पंप को दोषी ठहराना उचित नहीं होगा. हालांकि लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए पूरे मामले की वैज्ञानिक और निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए. यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित पेट्रोल पंपों के विरुद्ध कानूनी एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाए.
पार्टी ने मांग की कि जिले के सभी पेट्रोल पंपों से ईंधन के नमूने लेकर मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला में उनकी जांच कराई जाए और जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए, ताकि उपभोक्ताओं का विश्वास बना रहे. साथ ही समय-समय पर आकस्मिक निरीक्षण अभियान चलाकर गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक पेट्रोल पंप पर शिकायत दर्ज कराने की व्यवस्था और ईंधन संबंधी जानकारी प्रमुखता से प्रदर्शित की जाए.
जदयू नेताओं ने कहा कि आम लोग अपनी मेहनत की कमाई से ईंधन खरीदते हैं. ऐसे में ईंधन की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की अनियमितता का सीधा असर लाखों वाहन चालकों, परिवहन व्यवसाय और आम उपभोक्ताओं पर पड़ता है. उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना प्रशासन और संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है. यदि आवश्यकता पड़ी तो पार्टी इस मुद्दे पर व्यापक जनआंदोलन भी चलाएगी.
ज्ञापन सौंपने वालों में जिला महासचिव कुलविंदर सिंह पन्नू के अलावा उषा यादव, प्रवीण सिंह, संजीव सिंह, बिनोद सिंह, दिनेश सिंह, अशोक कुमार सिंह, चुन्नू भूमिज, अर्जुन यादव, मृत्युंजय शर्मा, अवतार सिंह, मनोज गुप्ता, त्रिलोचन सिंह, दर्शन सिंह काले, दीप, चंद्रा सहित जनता दल (यूनाइटेड) के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
Edited By Sarita






