सरायकेला: सामाजिक कार्यकर्ता निशा भगत की मौत और स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के कथित विवादित बयान को लेकर सरायकेला में भाजपा ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. शनिवार को भाजपाइयों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी का पुतला फूंककर राज्य सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया. प्रदर्शन के दौरान निशा भगत की मौत को लेकर निष्पक्ष जांच की मांग उठी, वहीं स्वास्थ्य मंत्री के बयान को लेकर भी सरकार को घेरा गया.


भाजपा नगर अध्यक्ष बीजू दत्ता, प्रखंड अध्यक्ष माइकल महतो और पूर्वी प्रखंड अध्यक्ष मुरली प्रधान के संयुक्त नेतृत्व में सरायकेला बस स्टैंड पर पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए निशा भगत मामले की सीबीआई जांच कराने और स्वास्थ्य मंत्री को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की.
नगर पंचायत के पूर्व प्रत्याशी सुमित चौधरी ने निशा भगत की मौत को लेकर सरकार और व्यवस्था पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि निशा भगत की आत्महत्या केवल एक व्यक्ति की मौत का मामला नहीं है, बल्कि यह पूरी व्यवस्था को कठघरे में खड़ा करने वाली घटना है.
सुमित चौधरी ने कहा, “निशा भगत की आत्महत्या केवल आत्महत्या नहीं है, बल्कि सिस्टम के द्वारा एक सामाजिक कार्यकर्ता की हत्या किए जाने जैसा गंभीर मामला है. उन्होंने फेसबुक लाइव के माध्यम से कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाए थे. ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर उन आरोपों की निष्पक्ष जांच क्यों नहीं होनी चाहिए. इस पूरे मामले की सीबीआई जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों की जवाबदेही तय हो.
उन्होंने कहा कि जो भी सामाजिक कार्यकर्ता गलत के खिलाफ आवाज उठाते हैं, उन्हें कथित तौर पर प्रताड़ना का सामना करना पड़ता है. सूर्या हांसदा के एनकाउंटर और निशा भगत की मौत का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इन घटनाओं ने सामाजिक कार्यकर्ताओं की सुरक्षा और व्यवस्था की जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के कथित धमकी भरे बयान पर भी सुमित चौधरी ने कड़ा विरोध जताया. उन्होंने कहा कि सार्वजनिक पद पर बैठे मंत्री को अपनी भाषा और बयानबाजी की मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए.
उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मांग की कि ऐसे गैर-जिम्मेदाराना बयान देने वाले मंत्री को तत्काल मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया जाए.
भाजपा नेताओं ने कहा कि सरकार को निशा भगत मामले में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के साथ-साथ जनभावनाओं का भी सम्मान करना चाहिए. पुतला दहन कार्यक्रम में सूर्या देवी, संदीप पटनायक, पिंकी मोदक, राजकुमार सिंह, दुखुराम साहू, पशु कबी, चिरंजीवी महापात्र, आजम मुखी सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे.
प्रमोद सिंह (संपादक)

