सरायकेला/ Pramod singh नगर क्षेत्र में रामनवमी के अवसर पर शहर पूरी तरह भक्ति और उत्साह में डूबा नजर आया. तीन प्रमुख अखाड़ों द्वारा निकाले गए भव्य जुलूस में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा नगर “जय श्रीराम” के नारों से गूंज उठा. जुलूस के दौरान अखाड़ों के कलाकारों ने पारंपरिक हथियारों के साथ शौर्य प्रदर्शन कर लोगों को आकर्षित किया. तलवारबाजी, लाठी खेल और अन्य करतबों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया.

शहर के विभिन्न चौक- चौराहों पर लोगों ने जुलूस का स्वागत किया, जिससे पूरे इलाके में उत्सव जैसा माहौल बना रहा. इस दौरान कानून- व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस- प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया.

थाना प्रभारी विनय कुमार और गौरव कुमार अपने- अपने दल- बल के साथ लगातार जुलूस की निगरानी करते रहे.
पुलिस द्वारा पूरे रूट पर कड़ी निगरानी रखी गई और गश्त तेज रखी गई, जिससे भीड़ को नियंत्रित करते हुए जुलूस को सुरक्षित तरीके से आगे बढ़ाया गया. अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि किसी भी स्थिति में शांति व्यवस्था भंग नहीं होने दी जाएगी.
पुलिस की सतर्कता और श्रद्धालुओं के सहयोग से यह पूरा आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ. अधिकारियों ने भी लोगों के अनुशासन और सहयोग की सराहना की.
कुल मिलाकर, सरायकेला में रामनवमी का यह आयोजन भक्ति, शौर्य और प्रशासनिक सजगता का संतुलित उदाहरण बनकर सामने आया.

