जमशेदपुर: साकची में मंगलवार को ठगी की एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई, जहां साधु के वेश में आए दो शातिर अपराधियों ने अंधविश्वास का जाल बिछाकर एक महिला को अपना शिकार बना लिया.

जानकारी के अनुसार गोलमुरी केबल टाउन निवासी मंजू देवी बाजार में खरीदारी के लिए आई थीं. इसी दौरान बसंत सिनेमा के पास दो युवकों ने उन्हें रोका और खुद को साधु बताकर बातचीत शुरू की.
पहले उन्होंने महिला से पानी मांगा और भरोसा जीत लिया. इसके बाद ठगों ने डर का माहौल बनाते हुए कहा कि उसके बेटे पर गंभीर संकट मंडरा रहा है. इस संकट को दूर करने के नाम पर विशेष पूजा कराने की बात कही गई. बेटे की चिंता में महिला उनकी बातों में आ गई.
ठगों ने पूजा के बहाने महिला से उसके पहने हुए गहने उतरवा लिए और थोड़ी देर में लौटाने का झांसा देकर मौके से फरार हो गए. काफी देर तक जब दोनों नहीं लौटे, तब महिला को ठगी का एहसास हुआ.
पीड़िता ने तुरंत साकची थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है.
थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव ने बताया कि अंधविश्वास का फायदा उठाकर इस वारदात को अंजाम दिया गया है. जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अजनबी की बातों में न आएं और इस तरह के झांसे से सतर्क रहें.

