सरायकेला- खरसावां: जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है. उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित समीक्षा बैठक में लापरवाही और अनियमितता पर कड़ी कार्रवाई के स्पष्ट संकेत दिए गए.

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई इस बैठक में सदर अस्पताल, अनुमंडल अस्पताल, सीएचसी और पीएचसी समेत सभी स्वास्थ्य संस्थानों की व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई. उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आमजनों को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं हर हाल में सुनिश्चित की जाएं.
समीक्षा के दौरान राजनगर में हाल ही में हुई जच्चा- बच्चा की मौत के मामले पर उपायुक्त ने गंभीर चिंता जताई. उन्होंने इसे स्वास्थ्य व्यवस्था में लापरवाही का उदाहरण बताते हुए स्पष्ट कहा कि इस तरह की घटनाएं किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएंगी.
उपायुक्त ने अनुमंडल पदाधिकारियों को अपने- अपने क्षेत्रों के स्वास्थ्य केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने और प्रखंड विकास पदाधिकारियों को रोजाना कम से कम एक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण करने का निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान सुविधाओं, कर्मियों की उपस्थिति और मरीजों को मिल रही सेवाओं का प्रत्यक्ष आकलन करने को कहा गया.
सभी चिकित्सा पदाधिकारियों और कर्मियों को सख्त निर्देश दिया गया कि वे निर्धारित रोस्टर के अनुसार अपने कार्यस्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें और बिना स्वीकृति अनुपस्थित पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी. कार्यस्थल के आसपास ही निवास सुनिश्चित करने की भी हिदायत दी गई. उपायुक्त ने साफ कहा कि स्वास्थ्य सेवा अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र है, जहां किसी भी तरह की लापरवाही पर विभागीय कार्रवाई के साथ- साथ प्राथमिकी भी दर्ज की जाएगी. उन्होंने डीपीएम और बीसीएम को भी अपनी कार्यशैली में सुधार लाने का निर्देश दिया. बैठक में डॉ. सरजू प्रसाद सिंह, एसडीओ सरायकेला अभिनव प्रकाश, एसडीओ चांडिल विकास कुमार राय सहित जिले के सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे.
*Report By Pramod Singh*

