जामताड़ा: कल्याण विभाग द्वारा संचालित आश्रम आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण कई गंभीर खामियों को उजागर कर गया. उपायुक्त अलोक कुमार ने मंगलवार को परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज के साथ विद्यालय पहुंचकर व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत जांची.

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने शिक्षकों की उपस्थिति, पठन- पाठन व्यवस्था, क्लास रूम, लाइब्रेरी, मेस, किचेन, स्टोर रूम, प्ले ग्राउंड और ऑडिटोरियम सहित सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया. इस दौरान कई बिंदुओं पर गंभीर अनियमितताएं सामने आईं.
जांच में पाया गया कि बच्चियों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन नहीं दिया जा रहा है. वहीं स्टोर रूम में रखी खाद्य सामग्रियों पर एक्सपायरी तिथि अंकित नहीं थी, जो स्वास्थ्य के लिहाज से गंभीर लापरवाही मानी गई. इन कमियों पर नाराजगी जताते हुए उपायुक्त ने विद्यालय संचालक एजेंसी और प्राचार्य से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया.
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बच्चियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं भी जानीं. पहले बच्चियां शिक्षक और प्रिंसिपल के सामने बोलने में झिझक रही थीं, जिस पर उपायुक्त ने सभी स्टाफ को वहां से हटाकर बच्चियों से अलग से बातचीत की. इसके बाद बच्चियों ने खुलकर अपनी समस्याएं रखीं.
कई मामलों में लापरवाही मिलने पर उपायुक्त ने विद्यालय प्रबंधन को फटकार लगाते हुए परियोजना निदेशक को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि विद्यालय का संचालन निर्धारित मानकों के अनुसार होना चाहिए और किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
उपायुक्त ने बच्चियों को समय पर मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन देने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और विद्यालय परिसर की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. साथ ही उन्होंने बच्चियों को भरोसा दिलाया कि उनकी हर समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा.
Report By Manish Baranwal

