जमशेदपुर: साकची स्थित एक निजी क्लिनिक में मंगलवार को मरीज के परिजनों ने जमकर हंगामा किया और डॉक्टर के साथ हाथापाई की. घटना के बाद इलाके में अफरा- तफरी मच गई. जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले मरीज का टॉन्सिल ऑपरेशन डॉक्टर विमरजीत प्रधान द्वारा किया गया था. आरोप है कि ऑपरेशन के बाद मरीज की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद उसे आनन-फानन में Tata Main Hospital में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.

परिजनों का कहना है कि जब उन्होंने इलाज के खर्च को लेकर डॉक्टर से बात की, तो उनके साथ कथित रूप से दुर्व्यवहार किया गया. हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है.
घटना की सूचना मिलते ही Indian Medical Association के स्थानीय सचिव डॉ सौरभ चौधुरी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली. उन्होंने डॉक्टर पर हुए हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे गंभीर मुद्दा बताया.
बताया जा रहा है कि क्लिनिक में मौजूद लोगों ने मारपीट का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस घटना के बाद एक बार फिर डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. फिलहाल मामले को लेकर पुलिस कार्रवाई की प्रतीक्षा की जा रही है.

