जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र के कुंवर बस्ती में रविवार तड़के उस समय सनसनी फैल गई, जब एक किराये के मकान में घुसी दो अज्ञात महिलाओं पर बच्चों को लेकर भागने का प्रयास करने का आरोप लगा. घटना के बाद इलाके में अफरा- तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने दोनों महिलाओं को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.


जानकारी के अनुसार कुंवर बस्ती निवासी बालेश्वर बेरा ने बताया कि रविवार सुबह करीब पांच बजे उनकी अचानक नींद खुली. इस दौरान उन्होंने देखा कि दो अंजान महिलाएं उनके मकान के अंदर मौजूद हैं और दो बच्चों को लेकर बाहर जाने की कोशिश कर रही हैं. स्थिति को भांपते ही उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए.
हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय वार्ड पार्षद के पति भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी पुलिस को दी गई. देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग वहां जमा हो गए. लोगों ने दोनों महिलाओं को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.
सूचना मिलने के बाद मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों महिलाओं को अपने साथ थाना ले गई. फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे महिलाएं कौन हैं, बच्चों को लेकर जाने की कोशिश क्यों कर रही थीं और उनके पीछे कोई बड़ा गिरोह तो सक्रिय नहीं है. पुलिस ने कहा है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. पूछताछ और जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी.
Edited By Sarita Mahato

