चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाने में दर्ज एक आपराधिक मामले के दो फरार आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने कानूनी कार्रवाई तेज कर दी है. न्यायालय के आदेश पर दोनों आरोपियों के घरों पर विधिवत इस्तेहार की तामिला की गई है.


थाना प्रभारी संतन तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि चांडिल थाना कांड संख्या 61/25, दिनांक 14 अप्रैल 2025, के तहत दर्ज मामले में प्राथमिकी अभियुक्त बावला उर्फ जयप्रकाश लोहार (24 वर्ष), पिता हारमोहन लोहार तथा चिति उर्फ लखीकांत महतो उर्फ लक्ष्मीकांत महतो, पिता सुनील महतो, दोनों निवासी डैम कॉलोनी घोड़ानेगी, थाना चांडिल, जिला सरायकेला- खरसावां, लंबे समय से फरार चल रहे हैं.

पुलिस ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(5), 351(2), 352 और 3(5) के तहत दर्ज मामले में दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे. न्यायालय के निर्देश पर उनके विरुद्ध इस्तेहार जारी किया गया था, जिसे पुलिस ने विधिवत उनके आवास पर चस्पा कर तामिला की प्रक्रिया पूरी कर ली है.

थाना प्रभारी ने कहा कि निर्धारित अवधि के भीतर न्यायालय या पुलिस के समक्ष उपस्थित नहीं होने की स्थिति में दोनों आरोपियों के विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चला रही है.
Edited By Sarita Mahato

