सरायकेला: जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है. उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर खनन विभाग की टीम लगातार जांच अभियान चला रही है. इसी क्रम में शनिवार को राजनगर मोड़ के समीप वाहन जांच के दौरान गिट्टी लदा एक हाइवा पकड़ा गया. जब्त वाहन का पंजीकरण नंबर JH05DV9174 है. खान निरीक्षक आदर्श कुमार ने वाहन को जब्त कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए सरायकेला थाना के सुपुर्द कर दिया.


जिले में खनिजों के अवैध खनन, भंडारण एवं परिवहन पर रोक लगाने के उद्देश्य से जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी के नेतृत्व में लगातार कार्रवाई की जा रही है. इसी अभियान के तहत खान निरीक्षक आदर्श कुमार ने राजनगर मोड़ पर वाहनों की जांच की. जांच के दौरान गिट्टी लदा हाइवा पकड़ा गया. वाहन को थाना के हवाले करने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध भंडारण और परिवहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन के कड़े रुख के बाद खनन विभाग ने भी जांच अभियान तेज कर दिया है.
वहीं, जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी ने कहा कि अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ नियमित रूप से जांच अभियान जारी रहेगा. नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.
गिट्टी का स्रोत और परिवहन दस्तावेज जांच के घेरे में
राजनगर मोड़ पर हाइवा पकड़े जाने के बाद अब यह सवाल महत्वपूर्ण हो गया है कि वाहन में लदी गिट्टी कहां से लाई गई थी? क्या वाहन के पास खनिज परिवहन से संबंधित वैध चालान एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज मौजूद थे? इस कारोबार के पीछे कौन लोग शामिल हैं? इन सभी बिंदुओं पर जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल खनन विभाग की इस कार्रवाई से अवैध खनिज कारोबार में संलिप्त लोगों के बीच प्रशासन की सख्ती का संदेश गया है.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह (संपादक)

