बोकारो: महिला थाना में चल रही पारिवारिक काउंसलिंग के दौरान एक होमगार्ड जवान द्वारा गरगा नदी में छलांग लगाने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ से उसकी जान बचा ली गई. जवान को सुरक्षित बाहर निकालकर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.


घटना सेक्टर-1 स्थित महिला थाना की है. जानकारी के अनुसार तेलो निवासी होमगार्ड जवान बादल महली अपनी पत्नी के साथ चल रहे वैवाहिक विवाद के समाधान के लिए महिला थाना में काउंसलिंग में शामिल होने पहुंचा था. इसी दौरान किसी बात को लेकर वह अचानक नाराज हो गया और वहां से निकलकर जेवियर स्कूल के पीछे स्थित गरगा नदी की ओर चला गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बादल महली ने अचानक नदी में छलांग लगा दी. घटना की सूचना मिलते ही सिटी थाना प्रभारी सुदामा दास और महिला थाना प्रभारी मीरा लकड़ा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं. पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए राहत एवं बचाव अभियान चलाया और जवान को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया.
इसके बाद उसे तत्काल इलाज के लिए बोकारो सदर अस्पताल भेजा गया. चिकित्सकों ने बताया कि समय रहते बचाव होने के कारण उसकी जान बच गई और फिलहाल उसकी स्थिति सामान्य है.
जानकारी के मुताबिक बादल महली ने करीब पांच महीने पहले प्रेम विवाह किया था. शादी के कुछ समय बाद ही पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था और पिछले चार महीनों से दोनों के संबंधों में तनाव बना हुआ था. इसी विवाद को सुलझाने के लिए महिला थाना में काउंसलिंग कराई जा रही थी.
घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. वहीं इस घटना ने पारिवारिक विवादों से उत्पन्न मानसिक तनाव और भावनात्मक दबाव को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा

