चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिले में अवैध बालू उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है. इसी क्रम में सोनुआ पुलिस ने बुधवार अहले सुबह एनएच-320डी स्थित सोनुआ-चक्रधरपुर मुख्य सड़क पर राघोई के समीप छापेमारी कर अवैध बालू लदे तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया.

जानकारी के अनुसार, पुलिस की कार्रवाई के दौरान वाहन चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर मौके से फरार हो गए. जब्त किए गए सभी वाहनों को सोनुआ थाना लाया गया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई खनन विभाग द्वारा की जाएगी.

प्रशासन और खनन विभाग की संयुक्त सख्ती के बावजूद क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार पर पूरी तरह अंकुश नहीं लग पाया है. गुदड़ी और गोइलकेरा क्षेत्र के अवैध बालू घाटों से बालू के उठाव और परिवहन को रोकने के लिए पुलिस एवं खनन विभाग लगातार छापेमारी अभियान चला रहे हैं.
पिछले कुछ दिनों के दौरान पुलिस और खनन विभाग की कार्रवाई में एक दर्जन से अधिक अवैध बालू लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए जा चुके हैं. इसके बावजूद अवैध बालू का कारोबार क्षेत्र में जारी रहने से प्रशासन के सामने चुनौती बनी हुई है.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक



