जमशेदपुर: टेल्को थाना क्षेत्र के थीम पार्क के समीप मंगलवार देर शाम चापड़बाजी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. हमले में घायल युवक की पहचान आदर्श सिंह के रूप में हुई है, जिसे गंभीर हालत में टाटा मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

मिली जानकारी के अनुसार घटना प्रेम प्रसंग से जुड़ी बताई जा रही है. बताया जाता है कि घटना के समय युवक की कथित प्रेमिका भी मौके पर मौजूद थी. आरोप है कि उसी के इशारे पर फारूक और अयान ने एक अन्य युवक के साथ मिलकर आदर्श सिंह पर चापड़ से हमला कर दिया.
जानकारी के मुताबिक आदर्श सिंह युवती से एकतरफा प्रेम करता था. युवती द्वारा बार-बार समझाने के बावजूद वह नहीं माना. इसी को लेकर विवाद बढ़ा और अंततः मंगलवार को उस पर जानलेवा हमला कर दिया गया. घटना की सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है.

