जमशेदपुर: शहर में चेन स्नैचिंग की घटनाओं में अचानक तेजी आ गई है. पिछले 24 घंटे के भीतर तीन अलग- अलग थाना क्षेत्रों में महिलाओं के गले से सोने की चेन झपटने की घटनाओं ने शहर की कानून- व्यवस्था और पुलिस गश्ती पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. लगातार हो रही वारदातों से महिलाओं और बुजुर्गों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है.


ताजा मामला उलीडीह ओपी क्षेत्र का है. जहां शनिवार तड़के संकोसाई रोड नंबर-1 में मॉर्निंग वॉक पर निकली आशा रानी षाडंगी के गले से एक उचक्के ने झपट्टा मारकर करीब तीन लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन छीन ली. बताया जा रहा है कि आरोपी पैदल आया था और वारदात को अंजाम देकर कुछ ही सेकंड में फरार हो गया. जब तक महिला शोर मचाकर लोगों से मदद मांगती, तब तक आरोपी आंखों से ओझल हो चुका था.
महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. पुलिस घटनास्थल पहुंचकर जांच में जुट गई है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है.
गौरतलब है कि शुक्रवार को दिनदहाड़े सोनारी थाना क्षेत्र में एक महिला से चेन स्नैचिंग की घटना हुई थी. इसके बाद देर शाम साकची थाना क्षेत्र में पुलिस मुख्यालय और जिला समाहरणालय के समीप भी एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली गई. अब उलीडीह में तीसरी घटना ने पुलिस की चिंता और शहरवासियों की बेचैनी दोनों बढ़ा दी हैं.
लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद सवाल उठ रहे हैं कि आखिर अपराधियों के हौसले इतने बुलंद कैसे हो गए हैं. शहरवासी पुलिस से संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ाने, चेन स्नैचिंग गिरोह के खिलाफ विशेष अभियान चलाने और तीनों मामलों का शीघ्र खुलासा करने की मांग कर रहे हैं.

