चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले के तिरुलडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत चानो गांव के समीप शनिवार को ट्रेन की चपेट में आने से 50 वर्षीय व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई. हादसा तिरुलडीह और बकारकुड़ी रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे पोल संख्या 318/15 एवं 319/15 के बीच हुआ.



मृतक की पहचान चानो गांव निवासी मंगल सिंह मुंडा (50) के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही तिरुलडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षत- विक्षत अवस्था में पड़े शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया गया.
परिजनों के अनुसार, मंगल सिंह मुंडा की मानसिक स्थिति पिछले कुछ समय से ठीक नहीं थी. हालांकि, घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है.
पुलिस ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट: विकास ठाकुर





