रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच लगातार तेज होती जा रही है. मामले की जांच कर रही सीआईडी ने शुक्रवार को जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांग्ते से लगातार तीसरे दिन कई घंटों तक मैराथन पूछताछ की. दिनभर चली पूछताछ के बाद देर शाम उन्हें जाने दिया गया, लेकिन जांच एजेंसी ने उन्हें सोमवार को फिर से पूछताछ के लिए तलब किया है.


सीआईडी के अनुसार, 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा (पीटी) से जुड़े मामले में विभिन्न पहलुओं की गहन जांच की जा रही है. अब तक इस प्रकरण में 11 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है. जांच एजेंसी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.
सूत्रों के अनुसार, सीआईडी भर्ती प्रक्रिया, परीक्षा संचालन और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की विस्तार से पड़ताल कर रही है. जांच अभी जारी है और एजेंसी का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे भी विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.

