जमशेदपुर: शहर में लगातार बढ़ रही चेन स्नैचिंग की घटनाओं ने कानून- व्यवस्था और पुलिस गश्ती व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. शुक्रवार को अलग- अलग स्थानों पर हुई दो वारदातों से महिलाओं और बुजुर्गों में दहशत का माहौल है. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि एक घटना जिला समाहरणालय और पुलिस अधीक्षक कार्यालय से महज 100 मीटर की दूरी पर हुई.


पहली घटना सोनारी थाना क्षेत्र के एच- रोड की है. जहां बुजुर्ग महिला अर्चना श्रीवास्तव पैदल अपने घर लौट रही थीं. तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली. भागने के दौरान बदमाशों की बाइक एक बड़े वाहन से टकरा गई. हादसे के बाद दोनों आरोपी बाइक छोड़कर फरार हो गए. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक जब्त कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी.
दूसरी घटना में अपने नाती के साथ जुबली पार्क घूमने आईं चंदन दास रौनक फास्ट फूड के पास कुछ खाने के लिए रुकी थीं. इसी दौरान बाइक सवार दो अपराधियों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए. यह वारदात शहर के सबसे व्यस्त और संवेदनशील इलाके में हुई, जहां जिला उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक का कार्यालय भी बेहद करीब है.
एक ही दिन हुई इन दोनों घटनाओं ने यह साफ कर दिया है कि चेन स्नैचर अब भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं. शहरवासियों का कहना है कि जब वीआईपी क्षेत्र ही सुरक्षित नहीं है, तो आम इलाकों की सुरक्षा का अंदाजा सहज लगाया जा सकता है.
लोगों ने पुलिस प्रशासन से नियमित गश्ती बढ़ाने, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने और चेन स्नैचिंग गिरोह के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है.

