सरायकेला: जिले के कुचाई प्रखंड सभागार में शुक्रवार को प्रखंड प्रमुख गुड्डी देवी की अध्यक्षता में पंचायत समिति कार्यकारिणी एवं समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, जनसुविधाओं और पंचायतों की समस्याओं की समीक्षा की गई. बैठक में बीडीओ साधुचरण देवगम, पंचायत समिति सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे.


बैठक में छोटासेगोई पंचायत के कितकुटी गांव में झूल रहे बिजली तारों का मुद्दा प्रमुखता से उठा. प्रखंड प्रमुख एवं बीडीओ ने संबंधित विभाग को शीघ्र कार्रवाई कर बिजली तारों को सुरक्षित ऊंचाई पर स्थापित करने का निर्देश दिया.

गोमियाडी पंचायत में चल रहे विद्युतीकरण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए. वहीं विभिन्न पंचायतों में खराब पड़े जलमीनारों की मरम्मत कर पेयजल व्यवस्था बहाल करने पर भी जोर दिया गया.
पंचायत समिति सदस्यों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुचाई में अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू करने की मांग उठाई. उनका कहना था कि जांच के लिए लोगों को दूर-दराज के शहरों का रुख करना पड़ता है.
बैठक में स्वास्थ्य विभाग ने मलेरिया से बचाव को लेकर जागरूकता अभियान चलाने, साफ-सफाई बनाए रखने और बरसात के मौसम में विशेष सतर्कता बरतने की जानकारी दी.
अंत में सभी विभागों ने अपने-अपने कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की. प्रखंड प्रमुख गुड्डी देवी ने अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने तथा सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए.

