जमशेदपुर: बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में रविवार को सारेशम हुई फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. मुस्लिम बस्ती के समीप स्थित कंटेनर यार्ड के पास अज्ञात अपराधियों ने आफताब खान नामक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. हमलावरों ने करीब तीन राउंड गोलियां चलाईं, जिसमें आफताब खान गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए.



गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोगों में अफरा- तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने घायल युवक को तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है. चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है.
सूचना मिलते ही बर्मामाइंस थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं. साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.
प्रारंभिक जांच में फायरिंग के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है. पुलिस आपसी रंजिश, पुराने विवाद और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. संदिग्ध अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी शुरू कर दी गई है.
सारेशम हुई इस वारदात से बर्मामाइंस और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों ने अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है.
पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा. पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है.





