रांची: झारखंड की राजधानी रांची स्थित जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में JPSC-JSSC समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार उग्र होता जा रहा है. आंदोलन को नई धार देते हुए छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो आमरण अनशन पर बैठ गए हैं. अनशन शुरू करते हुए उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “सेटिंग-गेटिंग नाय चलतो… छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो.” उन्होंने घोषणा की कि जब तक सरकार छात्रों की मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लेती, तब तक उनका आमरण अनशन जारी रहेगा.



दूसरी ओर लगातार हो रही बारिश भी छात्रों के हौसले को कमजोर नहीं कर सकी. बारिश में भीगते हुए सैकड़ों अभ्यर्थी धरना स्थल पर डटे रहे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. छात्रों का कहना है कि यह आंदोलन किसी एक परीक्षा या एक संगठन का नहीं, बल्कि झारखंड के लाखों युवाओं के भविष्य की लड़ाई है.

आमरण अनशन पर बैठे देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि सरकार लगातार छात्रों की जायज मांगों की अनदेखी कर रही है. बार-बार आश्वासन दिए गए, लेकिन समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई. ऐसे में अब आर-पार की लड़ाई का समय आ गया है. उन्होंने कहा कि जब तक सरकार वार्ता कर मांगों को स्वीकार नहीं करती, तब तक वे अन्न का एक दाना भी ग्रहण नहीं करेंगे.

धरना स्थल पर मौजूद छात्रों ने भी स्पष्ट कहा कि वे किसी भी दबाव में आंदोलन समाप्त नहीं करेंगे. उनका कहना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता, निष्पक्ष जांच और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा को लेकर उनका संघर्ष जारी रहेगा.

बारिश के बीच भी छात्रों का जोश कम नहीं हुआ. पूरे परिसर में नारे गूंजते रहे और अभ्यर्थियों ने एकजुट होकर सरकार से जल्द सकारात्मक पहल की मांग की. छात्रों का कहना है कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई चाहिए.





