जमशेदपुर: सिदगोड़ा थाना पुलिस ने दुकान पर कथित फायरिंग कर दहशत फैलाने और हथियार के बल पर रंगदारी मांगने के मामले में प्रमोद दुबे (48) को गिरफ्तार किया है. आरोपी भुइयांडीह नाला बस्ती के ब्राह्मण टोला का रहने वाला है. पुलिस ने उसके पास से घटना में प्रयुक्त बताई जा रही एक एयर राइफल बरामद की है.


सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि 26 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे आरोपी अपने साथियों के साथ शिकायतकर्ता की दुकान के पास पहुंचा था. आरोप है कि वहां गाली-गलौज करते हुए ईंट-पत्थर चलाए गए, जिससे दुकान का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया. शिकायत में फायरिंग और बाद में हथियार के बल पर रंगदारी मांगने का भी आरोप लगाया गया है.
मामले में सिदगोड़ा थाना कांड संख्या 135/26, दिनांक 27 अक्टूबर 2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी. इसी क्रम में 31 अक्टूबर को प्रमोद दुबे को गिरफ्तार किया गया. पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. छापेमारी दल में सिदगोड़ा थाना प्रभारी मो. फैज अहमद सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे. मामले में आगे की जांच जारी है.

