जमशेदपुर: टेल्को स्थित नेपाल बिल्डिंग बॉल बैडमिंटन ग्राउंड में 24वीं सीनियर एवं 10वीं सब-जूनियर झारखंड स्टेट बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ. प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों की टीमों ने हिस्सा लिया. मेन एवं विमेन वर्ग की इस प्रतियोगिता में कुल 10 जिलों की टीमों के करीब 400 खिलाड़ियों ने भाग लिया.


उद्घाटन से लेकर समापन समारोह तक खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला. उद्घाटन एवं समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड स्टेट बॉल बैडमिंटन एसोसिएशन के महासचिव मज्जी रवि कुमार और उपाध्यक्ष कर्णम राम मोहन राव उपस्थित रहे. अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया.
प्रतियोगिता के सीनियर पुरुष एवं महिला वर्ग में पूर्वी सिंहभूम की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया. वहीं सब-जूनियर बालक और बालिका दोनों वर्गों में भी पूर्वी सिंहभूम की टीम ने खिताब अपने नाम किया.
सीनियर पुरुष वर्ग में पूर्वी सिंहभूम प्रथम. सीनियर पुरुष वर्ग में पूर्वी सिंहभूम की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया. पश्चिमी सिंहभूम की टीम दूसरे स्थान पर रही. सरायकेला-खरसावां ने तीसरा और रांची की टीम ने चौथा स्थान हासिल किया.
सीनियर महिला वर्ग में भी पूर्वी सिंहभूम विजेता. सीनियर महिला वर्ग में पूर्वी सिंहभूम की टीम ने अपना दबदबा कायम रखते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया. सरायकेला-खरसावां की टीम दूसरे स्थान पर रही. गिरिडीह ने तीसरा और पश्चिमी सिंहभूम की टीम ने चौथा स्थान हासिल किया.
सब-जूनियर बालक वर्ग में पूर्वी सिंहभूम प्रथम. सब-जूनियर बालक वर्ग में पूर्वी सिंहभूम की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया. पश्चिमी सिंहभूम की टीम दूसरे स्थान पर रही. जामताड़ा को तीसरा और गिरिडीह की टीम को चौथा स्थान मिला.
सब-जूनियर बालिका वर्ग में भी पूर्वी सिंहभूम का खिताब. सब-जूनियर बालिका वर्ग में पूर्वी सिंहभूम की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया. पश्चिमी सिंहभूम दूसरे स्थान पर रही. रांची की टीम ने तीसरा और सरायकेला-खरसावां ने चौथा स्थान हासिल किया.
चैंपियनशिप के दौरान खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ हिस्सा लिया. खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए चयन प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी.
आयोजकों के अनुसार, इसी महीने आंध्र प्रदेश के तिरुपति में आयोजित होने वाली 72वीं सीनियर नेशनल बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप के लिए खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उनके प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा. वहीं सब-जूनियर नेशनल बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप का आयोजन 3 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक भिलाई, छत्तीसगढ़ में किया जाएगा. इसके लिए खिलाड़ियों का चयन चयन समिति द्वारा किया जाएगा.
चैंपियनशिप को सफल बनाने में बी. सिवा राव, के. रामकृष्ण राव, के. श्रीनिवास राव, धीरेन पांडा, विश्वरूपा इच्छु, वीरेंद्र कुमार मिश्रा, उत्तम कुमार नाथ, मनिंद्र नाथ दास, के. युवा, मनीष कुमार, संदीप मेटी, मोहम्मद जावेद, मुन्ना, शकुंतला कुमारी, सोनम मिश्रा सहित अन्य खिलाड़ियों और सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा.
समापन समारोह के दौरान आयोजकों ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों, टीम पदाधिकारियों, रेफरी, तकनीकी अधिकारियों और सहयोगियों के प्रति आभार जताया. आयोजकों ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से राज्य के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच मिलता है. साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर भी मिलता है.
रिपोर्ट:अफरोज मलिक

