लोहरदगा: त्योहारों के मद्देनजर आमजनों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने गुरुवार, 5 नवंबर 2026 को शहर में विशेष सघन जांच एवं छापेमारी अभियान चलाया. इस दौरान पावरगंज चौक, न्यू रोड और बरवाटोली स्थित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया. जांच के क्रम में कई महत्वपूर्ण अनियमितताएं सामने आईं.


होटल फैसलिटि में मिले कॉकरोच, पांच हजार का जुर्माना
पावरगंज चौक स्थित मेसर्स होटल फैसलिटि में निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई की व्यवस्था बेहद असंतोषजनक पाई गई. होटल के किचन, स्टोरेज एरिया और खाद्य सामग्रियों के आसपास बड़ी संख्या में कॉकरोच चलते हुए मिले. इसके अलावा फ्रिज में एक्सपायरी पेय पदार्थ भी रखे पाए गए. सबसे गंभीर बात यह रही कि प्रतिष्ठान संचालक बिना वैध लाइसेंस के ही रेस्टोरेंट का संचालन कर रहा था.

इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2008 के तहत प्रतिष्ठान संचालक पर पांच हजार रुपये का अर्थदंड लगाया. साथ ही तीन दिनों के भीतर सभी कमियों को दूर करने और प्रतिष्ठान में पेस्ट कंट्रोल कराने का निर्देश दिया गया.
पनीर की गुणवत्ता पर विभाग की विशेष नजर
न्यू रोड स्थित मेसर्स होटल सिटी प्राइड एवं मेसर्स स्वीट एंड स्नैक्स में तैयार किए जा रहे पनीर, रसगुल्ला और कलाकंद सहित अन्य खाद्य पदार्थों की मौके पर जांच की गई. जांच के दौरान इन प्रतिष्ठानों में कोई अनियमितता नहीं पाई गई.
विभागीय निर्देश के अनुसार शहर में पनीर की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जा रही है. अब तक लगभग 35 खाद्य प्रतिष्ठानों में पनीर की जांच की जा चुकी है. विभाग के अनुसार अब तक इन प्रतिष्ठानों में एनालॉग, सिंथेटिक या कृत्रिम पनीर मिलने की पुष्टि नहीं हुई है. हालांकि, कुडू स्थित बिहारी ढाबा में कृत्रिम पनीर मिलने की पुष्टि हुई थी, जिसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया.
रिलायंस रिटेल और वी-मार्ट से लिए गए नमूने
बरवाटोली स्थित मेसर्स रिलायंस रिटेल लिमिटेड एवं मेसर्स वी-मार्ट का भी औचक निरीक्षण किया गया. इस दौरान दोनों प्रतिष्ठानों में बिक्री के लिए रखे सोनपापड़ी, बेरान लड्डू, रसगुल्ला और मिक्चर नमकीन सहित अन्य खाद्य पदार्थों के वैधानिक नमूने संग्रहित किए गए.
संग्रहित नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य जांच प्रयोगशाला भेजा जा रहा है. खाद्य विश्लेषक की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
आगे भी जारी रहेगा जांच अभियान
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए जांच अभियान लगातार जारी रहेगा. अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मोइन अख्तर, विश्वनाथ गगराई सहित विभाग के अन्य कर्मी मौजूद थे.

