जामताड़ा: त्योहारों के मौसम में आम लोगों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने और मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया है. उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार के निर्देश पर बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने नारायणपुर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न लाइन होटलों में औचक निरीक्षण किया. इस दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं. एक होटल बिना वैध खाद्य अनुज्ञप्ति के संचालित पाया गया, जबकि दूसरे होटल के रसोईघर में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली. वहीं, एक अन्य होटल से अखाद्य रंग भी बरामद किया गया.


खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी राजा कुमार एवं पवन चौधरी की संयुक्त टीम ने सबसे पहले पांडेडीह स्थित आरंभ लाइन होटल में जांच की. निरीक्षण के दौरान पता चला कि होटल बिना वैध खाद्य अनुज्ञप्ति के संचालित किया जा रहा था. जांच के क्रम में वहां चार पैकेट एक्सपायरी अमूल दही भी मिले, जिन्हें टीम ने मौके पर ही नष्ट करा दिया. इसके अलावा होटल से पनीर एवं रसगुल्ले के नमूने संग्रहित कर जांच के लिए भेजे गए.
इसके बाद टीम ने नारायणपुर स्थित ओम साईं होटल एंड रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया. यहां रसोईघर में साफ-सफाई एवं स्वच्छता की स्थिति असंतोषजनक पाई गई. खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने पनीर का नमूना संग्रहित कर जांच के लिए भेजा.
वहीं, बरियारपुर स्थित मंडल लाइन होटल में जांच के दौरान अखाद्य रंग बरामद हुआ. टीम ने तत्काल उक्त रंग को जब्त कर लिया. यहां से भी पनीर का नमूना संग्रहित कर जांच के लिए रांची भेजा गया है.
जांच रिपोर्ट के बाद संचालकों पर होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा संग्रहित सभी खाद्य नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित होटल संचालकों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी. जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से खिलवाड़ करने, बिना वैध लाइसेंस प्रतिष्ठान संचालित करने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.
त्योहारों तक जारी रहेगा औचक निरीक्षण अभियान
जिला प्रशासन की ओर से कहा गया है कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के साथ मिलावटखोरी की आशंका भी बढ़ जाती है. ऐसे में आम लोगों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच की जाएगी. प्रशासन ने होटल एवं खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता और गुणवत्ता मानकों का पालन करने का निर्देश दिया है.
रिपोर्ट: मनीष वर्णवाल

