जमशेदपुर: बागबेड़ा थाने की पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र से 330 लीटर अवैध देसी शराब बरामद की है. पुलिस ने शराब की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बोलेरो को जब्त करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है.


पुलिस के अनुसार 12 सितंबर को वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि जगन्नाथपुर मोड़ के रास्ते काले रंग की बोलेरो से बड़ी मात्रा में अवैध देसी शराब ले जाई जा रही है. सूचना पर सिटी एसपी के निर्देशन और डीएसपी विधि-व्यवस्था के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई.
टीम ने जगन्नाथपुर मोड़ स्थित शिव मंदिर के पास वाहन जांच शुरू की. दोपहर करीब 2:15 बजे संदिग्ध बोलेरो JH05ED-0736 पहुंची. पुलिस को देखकर चालक ने वाहन छोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन जवानों ने उसे खदेड़कर पकड़ लिया.
बोलेरो की तलाशी में बीच और पीछे की सीट पर रखे 11 बोरों से कुल 330 लीटर अवैध देसी शराब बरामद हुई. पुलिस ने मामले में भुईयाडीह निवासी विकास विशाल उर्फ छोटू (31) और धीरेन तांती उर्फ पिंटू (40) को गिरफ्तार किया है. उनके पास से दो मोबाइल फोन और 7,550 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं.
बागबेड़ा थाना में कांड संख्या 82/26 दर्ज कर पुलिस शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है. यह भी पता लगाया जा रहा है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक

