जमशेदपुर: बिहार के पूर्व सांसद आनंद मोहन रविवार को एक यूनियन के कार्यक्रम में शामिल होने जमशेदपुर पहुंचे. पटना से टाटानगर रेलवे स्टेशन पहुंचने पर बिहार पीपुल्स पार्टी से जुड़े पुराने कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया.


आदित्यपुर नगर निगम वार्ड 30 के पार्षद सुधीर चौधरी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में समर्थक सुबह से ही स्टेशन पर जुटे थे. आनंद मोहन के पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और पुष्पगुच्छ से उनका अभिनंदन किया तथा समर्थन में नारे लगाए.
इस दौरान स्टेशन परिसर में कुछ देर तक समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला. आनंद मोहन ने भी कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया और उनसे मुलाकात की.
कार्यकर्ताओं ने कहा कि आनंद मोहन का जमशेदपुर आगमन उनके पुराने राजनीतिक और सामाजिक साथियों के लिए विशेष अवसर है. स्वागत के बाद आनंद मोहन अपने निर्धारित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना हो गए.

