जमशेदपुर/ Varun Kumar बागबेड़ा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात गोलीबारी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. जहां रेलवे लॉबी गेट के पास अज्ञात बदमाशों ने एक रेलवे कर्मचारी को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया.

घटना के बाद इलाके में अफरा- तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को तुरंत रेलवे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
सूचना मिलते ही सिटी एसपी ललित मीणा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस को मौके से एक खोखा बरामद हुआ है, जिससे यह साफ संकेत मिल रहा है कि हमलावर पूरी योजना के तहत वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे.
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि मृतक जीके मीणा आदित्यपुर का रहने वाला था और रेलवे से जुड़े कार्यों के अलावा जमीन कारोबार में भी सक्रिय था. बताया जा रहा है कि रेलवे पार्किंग में समतलीकरण का काम भी उसके जिम्मे था.
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की पहचान के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है. घटना के पीछे आपसी रंजिश या कारोबार से जुड़ा विवाद होने की आशंका जताई जा रही है.
इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. देर रात हुई इस वारदात ने एक बार फिर शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. हालांकि पुलिस ने जल्द ही मामले के खुलासे का दावा किया है.

