चांडिल: प्रखंड के मानीकुई गांव में शुक्रवार को झारखंड आंदोलनकारी स्वर्गीय गोलक बिहारी मांझी की पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई. इस अवसर पर विधायक सविता महतो एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की.


कार्यक्रम के दौरान विधायक सविता महतो ने झामुमो कार्यकर्ताओं के साथ स्वर्गीय गोलक बिहारी मांझी के आवास पहुंचकर उनकी धर्मपत्नी बिजली मांझी से मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना. इस दौरान विधायक ने स्वर्गीय मांझी के सामाजिक एवं आंदोलनकारी योगदान को याद करते हुए कहा कि गोलक बाबू एक मिलनसार और जनप्रिय व्यक्तित्व के धनी थे. झारखंड आंदोलन में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता.

विधायक ने कहा कि झारखंड राज्य के निर्माण और क्षेत्र के विकास के लिए संघर्ष करने वाले आंदोलनकारियों का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा. उनके आदर्श और विचार नई पीढ़ी को प्रेरित करते रहेंगे.
पुण्यतिथि कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य पिंकी लायेक, झामुमो केंद्रीय सदस्य चारु चांद किस्कू, ओम प्रकाश लायेक, काबलू महतो, अरुण टुडू, आशु बेसरा, मदन मांझी सहित कई झामुमो कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे.



