जामताड़ा: थाना क्षेत्र के दक्षिणबहाल गांव के लेदमा पाड़ा में शुक्रवार को मकान निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया. निर्माण कार्य कर रहे एक मिस्त्री 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए. घायल मिस्त्री की पहचान मंटू बाउरी के रूप में हुई है, जिनका इलाज जामताड़ा सदर अस्पताल में चल रहा है.


जानकारी के अनुसार, सन मून होटल के समीप उत्तम कुमार पंडित के मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। मकान के ऊपर से 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन बिजली तार गुजर रहा है। इसी दौरान पिलर के लिए लोहे का छड़ खड़ा किया जा रहा था. अचानक छड़ बिजली के तार से सट गया, जिससे मंटू बाउरी को जोरदार करंट लगा और वह बेहोश होकर नीचे गिर पड़े. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि करंट लगने के बाद मंटू बाउरी के हाथ-पैर अकड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई. वहां मौजूद अन्य मजदूरों ने तुरंत उन्हें उठाकर जामताड़ा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है. उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है.
घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए. घायल की हालत देखकर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. इधर, स्थानीय लोगों ने निर्माण स्थल के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार के बावजूद पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं किए जाने पर सवाल उठाए हैं. लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है. उन्होंने ऐसे स्थानों पर बिजली विभाग और भवन मालिकों द्वारा विशेष सावधानी बरतने की मांग की है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

