
सरायकेला: भगवान श्रीजगन्नाथ की विश्वप्रसिद्ध रथ यात्रा एवं नेत्र उत्सव को लेकर सरायकेला नगर पंचायत ने तैयारियां तेज कर दी हैं. श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को नगर पंचायत के उपाध्यक्ष अविनाश कवि ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ रथ यात्रा मार्ग का संयुक्त निरीक्षण किया. इस दौरान साफ-सफाई, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट और अन्य नागरिक सुविधाओं का जायजा लेकर समयबद्ध तरीके से सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए.


निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत की टीम ने रथ यात्रा मार्ग के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण किया. सड़क किनारे सफाई, नालियों की स्थिति, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े अन्य बिंदुओं की समीक्षा की गई. जहां भी कमियां मिलीं, उन्हें तत्काल दूर करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को दिए गए.
उपाध्यक्ष अविनाश कवि ने कहा कि रथ यात्रा सरायकेला की आस्था, संस्कृति और परंपरा का प्रमुख पर्व है. नगर पंचायत की प्राथमिकता है कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो. उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां तय समय सीमा के भीतर पूरी करने और आयोजन के दौरान लगातार निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया.
निरीक्षण में वार्ड पार्षद विक्रम सिंह मोदक, अंजली राय, सविता पटनायक, नगर पंचायत के सिटी मैनेजर महेश जारिका, कनीय अभियंता विक्की गोप, बबन सिंह तथा समीर रजक सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे.
नगर पंचायत ने भरोसा दिलाया है कि रथ यात्रा और नेत्र उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रहेंगी. किसी भी समस्या की स्थिति में त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा.
प्रमोद सिंह (संपादक)





